हरदा। हरदा जिले की टिमरनी थाना पुलिस ने शुक्रवार को राहगीरों से अवैध वसूली करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी कच्चा बायपास रोड पर एक काले रंग की बलिनो कार खड़ी कर लोगों से जबरन पैसे वसूल रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन्हें पकड़ा।
टिमरनी थाना टीआई मुकेश गौड़ ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कच्चा बायपास रोड पर एक काले रंग की बलिनो कार बीच सड़क पर खड़ी है और उसमें सवार लोग राहगीरों से अवैध वसूली कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर हरदा निवासी सुतीर्थ पाठक, अमित पवार और सुभाष ठाकरे को पकड़ लिया।
फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 119 (1) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त काले रंग की बलिनो कार (एमपी 04 वायएन 3926) भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों में से दो भोपाल में निजी नौकरी करते हैं, जबकि एक ड्राइविंग का काम करता है। सभी आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आरोपियों को पकड़ने में टीआई मुकेश गौड़, एसआई यूआरएस चौहान, आरक्षक धर्मेंद्र, प्रतीक और शैलेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

