सोडलपुर : कान्हा बाबा मेला देखकर वापस गांव लौट रहे दंपत्ति की बाइक को कार ने मारी टक्कर, पति पत्नी घायल बेटा सुरक्षित !
हरदा : शुक्रवार शाम कान्हा बाबा मेला देखकर लौट रहे एक बाइक सवार दंपत्ति नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, रहटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम आमसागर निवासी रामकृष्ण कोरकू अपनी पत्नी लक्ष्मी बाई और एक साल के बेटे आर्या के साथ सोडलपुर मेला देखने गए थे। उनके साथ लक्ष्मी बाई का भाई किशोर भी अपनी बाइक से आया था।
सोडलपुर में मेला देखने के बाद लक्ष्मी बाई अपने मायके सिवनी मालवा के कामटा जा रही थीं। तभी बाइक से टेमागांव गोशाला के पास से गुजर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
रामकृष्ण और लक्ष्मी बाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, उनका एक साल का बेटा आर्या पूरी तरह सुरक्षित रहा। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

