वेयर हाउसेस अथवा समितियों में अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए – कलेक्टर
हरदा / कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी एसडीएम एवं तहसीलदार गेहूँ उपार्जन केन्द्रों पर पहुँच कर उपार्जन व्यवस्था को किसानों के लिये सुगम बनाएं। जिन वेयरहाउसेस अथवा समितियों में उपार्जन संबंधी अनियमितता पाई जाती है, उनके विरूद्ध तत्काल कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा है कि उपार्जन केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में हम्माल रहें। साथ ही किसानों के लिये छायापानी व विश्राम के उत्तम प्रबन्ध किए जाएं।
गुरूवार को आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने बताया कि जिन उपार्जन केन्द्रों अथवा वेयरहाउसेस पर किसानों की ज्यादा संख्या हो रही है, वहाँ किसानों को स्लॉट ट्रांसफर की सुविधा पोर्टल पर दी गई है, जिसके तहत एक उपार्जन केन्द्र अथवा वेयरहाउस से एक दिन में अधिकतम 5 किसानों को निकटतम वेयरहाउस अथवा उपार्जन केन्द्र पर स्थानांतरित किया जा सकेगा, जहाँ वे अपनी उपज बेच सकेंगे।

