हंडिया : शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला पहुंचा सीएम हेल्पलाइन तक, सचिन तिवारी और राहुल जाट ने दर्ज कराई शिकायत!
हंडिया। तहसील मुख्यालय के बस स्टैंड क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर मामला अब सीएम हेल्पलाइन तक पहुंच गया है। किराना व्यापारी सचिन तिवारी एवं दुकानदार राहुल जाट ने अलग-अलग शिकायत दर्ज कर प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ दुकानदारों द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर दुकानों के आगे टीन शेड लगाए गए हैं, जिससे आसपास की अन्य दुकानों का दृश्य पूरी तरह ढक रहा है। इसके चलते छोटे दुकानदारों को व्यापार में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया है कि इस संबंध में पूर्व में 21 अप्रैल 2026 को तहसील कार्यालय में भी आवेदन प्रस्तुत किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी बनी हुई है।
सीएम हेल्पलाइन 181 पर दर्ज शिकायतों में कहा गया है कि अतिक्रमण के कारण आवागमन में भी दिक्कतें उत्पन्न हो रही हैं। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शीघ्र की जाए।
जानकारी के अनुसार, दोनों शिकायतें 21 मई 2026 को सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज की गई हैं, जिन्हें निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है।
अब शिकायतकर्ताओं की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है कि बस स्टैंड क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए आखिर कब तक प्रभावी कदम उठाए जाते हैं।

