हंडिया : परम पूज्य गुरुदेव पं. श्री रामकृष्ण दाधीच के नेतृत्व में गूंज रहा “नर्मदे हर”, भक्तिमय हो उठा पागल बाबा आश्रम घाट!
हंडिया। मां नर्मदा के पावन तट पर स्थित पागल बाबा आश्रम घाट इन दिनों संध्या कालीन आरती और नर्मदाष्टक पाठ को लेकर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्री रामकृष्ण दाधीच के नेतृत्व में प्रतिदिन होने वाला यह धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं को भक्ति और अध्यात्म से जोड़ रहा है।
सूर्यास्त होते ही पागल बाबा आश्रम घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठता है। घंटियों की मधुर ध्वनि, शंखनाद और “हर-हर नर्मदे” के जयकारों के बीच मां नर्मदा की भव्य संध्या आरती की जाती है। आरती की दिव्य लौ जब मां नर्मदा की लहरों पर झिलमिलाती है, तो पूरा वातावरण अलौकिक दिखाई देता है।
संध्या आरती के पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से नर्मदाष्टक का पाठ भी किया जाता है। नर्मदाष्टक की गूंज से पूरा घाट भक्तिमय हो उठता है और श्रद्धालु मां नर्मदा की भक्ति में लीन नजर आते हैं।
परम पूज्य गुरुदेव पं. श्री रामकृष्ण दाधीच के मार्गदर्शन में पागल बाबा आश्रम घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी इस दिव्य आरती और नर्मदाष्टक पाठ में शामिल होकर आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं।धार्मिक नगरी हंडिया में मां नर्मदा के तट पर हर शाम सजने वाला यह भक्तिमय दृश्य अब श्रद्धालुओं की आस्था और आकर्षण का विशेष केंद्र बन चुका है।

