हंडिया। रोहिणी के साथ शुरू हुए नौतपा ने तीसरे दिन हंडिया को तवे की तरह तपाना शुरू कर दिया है। आसमान से बरसती आग और लपट जैसी चल रही गर्म हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालत यह है कि दोपहर चढ़ते ही हंडिया की व्यस्त रहने वाली सड़कें भी सुनसान दिखाई देने लगी हैं।
जहां सुबह तक बाजारों में हलचल रहती है, वहीं दोपहर होते-होते ऐसा सन्नाटा छा जाता है मानो पूरा क्षेत्र थम सा गया हो। लोग जरूरी काम न होने पर घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। तेज धूप के कारण राहगीर सिर और चेहरे को कपड़ों से ढंककर निकल रहे हैं, जबकि कई लोग पेड़ों की छांव और ठंडे पानी का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।
नौतपा की तपिश का असर छोटे व्यापारियों और ठेला संचालकों पर भी दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय ग्राहक कम होने से बाजारों की रौनक फीकी पड़ गई है। वहीं ठंडे पेय, शिकंजी, गन्ने के रस और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है।
बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। गर्म हवाओं के चलते लोगों को लू का डर सताने लगा है। मौसम का मिजाज देखकर लोग यही कह रहे हैं कि इस बार नौतपा अपने पूरे तेवर दिखा रहा है।
हंडिया में फिलहाल सुबह और शाम को ही लोगों की हलचल दिखाई दे रही है, जबकि दोपहर का समय नगर को वीरानी में बदलता नजर आ रहा है।

