केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। विकास के दावों की पोल तब खुल जाती है जब हकीकत जमीन पर दिखती है। सिवनी मालवा तहसील के ग्राम सतवासा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क ‘दलदल’ बन चुकी है। पिछले 2 साल से करीब 95 मीटर का हिस्सा तालाब में तब्दील है, जिससे ग्रामीण रोज जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
स्कूल-बच्चे और हाट-बाजार के दुकानदार परेशान
स्थानीय लोगों के अनुसार इस जर्जर हिस्से के ठीक पास स्कूल और मंदिर स्थित हैं। रोज सुबह सैकड़ों बच्चे इसी कीचड़ और गहरे गड्ढों से होकर स्कूल जाते हैं। हर बुधवार को यहीं हाट-बाजार भरता है, जहां आसपास के कई गांवों के सैकड़ों लोग खरीददारी करने आते हैं। भीड़ के कारण हादसों का खतरा कई गुना बढ़ गया है।
रोज हो रहे हादसे, वाहन हो रहे क्षतिग्रस्त
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में हर समय पानी भरा रहता है। दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। वाहनों का निचला हिस्सा टूट रहा है, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। गंदा पानी जमा होने से इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और मलेरिया-डेंगू जैसी बीमारियों का डर सता रहा है।
बोर्ड पर गारंटी, हकीकत में अनदेखी
सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि इस मार्ग का निर्माण और सड़क किनारे लगे बोर्ड पर रखरखाव और गारंटी की बातें दर्ज हैं। बावजूद इसके 2 साल से इस 95 मीटर टुकड़े की मरम्मत के लिए कोई सामने नहीं आया। जिम्मेदार मौन हैं और ग्रामीण अपने घरों के सामने नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
इस बदहाली को लेकर जनपद सदस्य शेर सिंह दरबार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदर्शन में अंकित गौर, मनीष दुबे, जितेंद्र गौर, शिवम गौर, नितेश यदुवंशी, विनय गौर, अभिनीत गौर सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
जनपद सदस्य शेर सिंह दरबार ने चेतावनी दी कि “बच्चे और बुजुर्ग रोज दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। तत्काल सुधार और जलभराव का स्थाई समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।”
इनका कहना।
बनी सड़कों का 5 साल तक ठेकेदार को रखरखाव करना अनिवार्य होता है। सतवासा वाली सड़क पर बोर्ड लगा है, लेकिन 2 साल से मरम्मत नहीं हुई।
जनपद सदस्य
शेर सिंह दरबार

