मकडा़ई एक्सप्रेस 24 नई दिल्ली । केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की समस्याओं को सुलझाने की बजाय उन्हें अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए इस्तेमाल कर रही है।
क्या कहा धर्मेंद्र प्रधान ने…?
X पर एक पोस्ट में शिक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का मकसद छात्रों की परेशानियों का समाधान करना नहीं है। उनका कहना है कि पार्टी सिर्फ राजनीतिक फायदा उठाने और संसद की कार्यवाही रोकने के लिए छात्रों के मुद्दों को हवा दे रही है।
पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन पर सवाल
प्रधान ने पीएम आवास के बाहर हुए कांग्रेस के प्रदर्शन को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रदर्शन से आम जनता को परेशानी हुई और सुरक्षा नियमों की भी अनदेखी की गई। उनके अनुसार संवेदनशील इलाके में इस तरह धरना देना गैर-जिम्मेदाराना कदम था।
“सरकार चर्चा को तैयार थी”
मंत्री ने कहा कि सरकार पहले ही साफ कर चुकी थी कि नीट और अन्य छात्र मुद्दों पर संसद में खुली बहस के लिए तैयार है। लेकिन कांग्रेस ने सदन में बात करने के बजाय सड़क का रास्ता चुना।
उन्होंने कहा “अगर कांग्रेस को छात्रों की चिंता होती तो वह संसद में मुद्दे उठाकर समाधान निकालती।”
छात्रों को राजनीति से दूर रखने की अपील
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि युवाओं को राजनीतिक लड़ाई का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए। छात्रों को पारदर्शिता, जवाबदेही और ठोस समाधान चाहिए, न कि राजनीति।
उन्होंने दोहराया कि केंद्र सरकार शिक्षा प्रणाली में सुधार और परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। नीट सहित सभी मुद्दों पर सरकार संसद में चर्चा करने को तैयार है।

