नंदीश्वर द्वीप मंडल विधान में उमड़ी श्रद्धा, अष्टाह्निका महापर्व पर विशेष आराधना
हरदा – अष्टाह्निका महापर्व के अवसर पर शहर के श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में नंदीश्वर द्वीप मंडल विधान का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसर को फूलों और झालरों से सजाया गया है।
जैन समाज के लोगों ने विधान में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। आचार्यों ने बताया कि नंदीश्वर द्वीप विधान जैन धर्म के प्रमुख अनुष्ठानों में से एक है। मान्यता है कि इस विधान को करने से मन को शांति मिलती है और पुण्य की प्राप्ति होती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे और सामूहिक रूप से आराधना की।
सर्व ब्राह्मण समाज ने पौधरोपण कर दिया पर्यावरण का संदेश
हरदा – पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से सर्व ब्राह्मण समाज ने शहर के तवा कालोनी स्थित देवी मंदिर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मिलकर आम, जामुन, नीम, बरगद सहित 18 पौधे लगाए।
समाज के अध्यक्ष ने कहा कि पेड़ लगाना ही धरती को बचाने का सबसे बड़ा उपाय है। उन्होंने कहा कि हर सदस्य अपने घर और आसपास पौधे लगाकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने में योगदान दे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, छात्रों ने लिया देशसेवा का संकल्प
हरदा – कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य और शिक्षकों ने छात्रों को कारगिल युद्ध की जानकारी दी और शहीद जवानों के बलिदान को याद किया।
इस मौके पर छात्रों ने देश की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहने और देशसेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत और भाषण भी हुए। स्कूल प्रशासन ने कहा कि नई पीढ़ी को शहीदों के त्याग के बारे में बताना जरूरी है।
भारतीय सिंधी सभा की नई जिला कार्यकारिणी घोषित
हरदा – भारतीय सिंधी सभा की जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। संजय लोकवाणी को जिलाध्यक्ष और कमलेश मेठवानी को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि उनका लक्ष्य समाज में एकता लाना, सिंधी भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को संगठन से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाज कल्याण के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
250 से ज्यादा युवाओं ने युवालय से शुरू की नेतृत्व की राह
हरदा -रहटगांव मे स्वयम् सेवा संस्थान द्वारा संचालित “युवालय” कार्यक्रम के तहत 250 से अधिक युवाओं ने नेतृत्व विकास का प्रशिक्षण लिया। 35 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में युवाओं को संचार कौशल, टीम वर्क और सामाजिक कार्यों की जानकारी दी गई।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना है। समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए।
बैंककर्मी युवती की इंदौर में संदिग्ध मौत, अधजला शव मिला
हरदा/इंदौर – टिमरनी की रहने वाली एक बैंककर्मी युवती का शव इंदौर के खजराना क्षेत्र की तपरेश्वर कॉलोनी स्थित किराए के मकान में अधजली हालत में मिला। मृतका की पहचान पलक काशिव (28) निवासी टिमरनी वार्ड-10 के रूप में हुई है। घटना रविवार की बताई जा रही है।
पलक के पिता राधेश्याम काशिव शिक्षक हैं और टिमरनी के एक निजी स्कूल में पढ़ाते हैं। परिजनों ने युवती की मौत को संदिग्ध बताया है और अनहोनी की आशंका जताई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिक्षक की होनहार बेटी थी पलक
पलक मेधावी छात्रा रही हैं। 12वीं में उन्होंने 93% अंक प्राप्त किए थे और उन्हें 97% की उम्मीद थी। पलक ने एमएससी, बीएड किया था और वर्तमान में इंदौर में बैंक में नौकरी कर रही थीं।
पिता ने बताया कि पलक ने कुछ दिन पहले फोन पर कहा था कि बैंक के कुछ स्टाफ युवक उसे परेशान कर रहे हैं। इसी बात को लेकर पिता ने उसे नौकरी छोड़ने की सलाह भी दी थी।
घटना वाले दिन कैमरे बंद होने के कारण सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल सके। पुलिस ने पलक का मोबाइल और एक लैपटॉप जब्त कर लिया । शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
रेलवे ट्रैक पर घायल मिला युवक, 112 टीम ने पहुंचाया अस्पताल
टिमरनी – बिछड़ार रेलवे गेट के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक घायल अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को 1 किमी पैदल ले जाकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
प्राथमिक उपचार के बाद युवक को हरदा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि अभी युवक की पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।
किसानों का 13 दिन का धरना, अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर कांग्रेस ने जताया विरोध
हरदा – भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने मंडी में अपनी मांगों को लेकर 13 दिन तक धरना दिया, लेकिन इस दौरान कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए और एसडीएम व डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस की एक बैठक में एसडीएम अशोक देवड़ा और डिप्टी कलेक्टर अवधनारायण चिमनिया किसान नेताओं से मिलने पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 13 दिन तक चले धरने में प्रशासन का कोई नुमाइंदा तक नहीं आया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अधिकारी केवल कागजों पर काम कर रहे हैं और जमीन पर किसानों की समस्याओं को नहीं सुन रहे। कांग्रेस ने मांग की कि किसानों के लंबित मुद्दों का जल्द समाधान किया जाए।
साल्याखेड़ी के उंडाल गांव में नाली निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
हरदा – हंडिया तहसील के ग्राम पंचायत साल्याखेड़ी के उंडाल गांव में वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत हुई बैठक में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में नाली निर्माण कागजों पर तो दिखाया गया है, लेकिन मौके पर कोई काम नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने कहा कि पिछले 2 साल से नल-जल योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है और स्ट्रीट लाइट भी बंद पड़ी हैं। बैठक में बिजली की समस्या भी प्रमुखता से उठी। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और मूलभूत सुविधाएं जल्द शुरू करने की मांग की है।
भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी पर नारी जागरण कार्यशाला आयोजित
सिराली – अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी वर्ष पर नारी जागरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नारी सशक्तिकरण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षित और संस्कारित नारी ही सशक्त परिवार और समाज का निर्माण कर सकती है।
कार्यक्रम में व्यसनमुक्ति, कुरीतियों के उन्मूलन और महिला उत्थान जैसे विषयों पर चर्चा हुई। बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
वीर दुर्गादास राठौर जयंती की तैयारियां शुरू
हरदा – वीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर की जयंती 13 अगस्त को धूमधाम से मनाई जाएगी। इसको लेकर समाजजनों की बैठक हुई जिसमें वाहन रैली निकालने और कार्यक्रम को भव्य बनाने पर चर्चा की गई।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि जयंती समारोह को यादगार बनाने के लिए सभी समाज बंधुओं का सहयोग लिया जाएगा।

