हरदा/टिमरनी। बारिश के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने और सर्पदंश की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में रहटगांव थाना क्षेत्र के वनांचल ग्राम कायदा में सर्पदंश से 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कायदा निवासी सुभाष पिता लालसिंह कोरकू (11 वर्ष) खेत में गया था। इसी दौरान सांप ने उसके पैर के पंजे में काट लिया। बालक ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए टिमरनी अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ग्राम टेमागांव के पास बालक की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
परिजन उसे टिमरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने बारिश के मौसम में खेतों और आसपास के क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।

