‘वंदे मातरम्’ विवाद पर हरदा में भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
हरदा। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के गायन को कथित तौर पर रोकने के मुद्दे ने हरदा में राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भाजपा ने इस मामले को राष्ट्र सम्मान से जोड़ते हुए कांग्रेस और गांधी परिवार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रविवार शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर कांग्रेस जिला मुख्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।
भाजपा युवा मोर्चा के नेतृत्व में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय से कैंडल मार्च लेकर कांग्रेस जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया और कांग्रेस के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस से भिड़े भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय में प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की थी। इस दौरान सीढ़ियों से ऊपर जाने का प्रयास कर रहे भाजपा नेताओं और पुलिस जवानों के बीच करीब 10 मिनट तक धक्का-मुक्की हुई। बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के नीचे ही सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने सोनिया गांधी पर लगाए आरोप
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान कांग्रेस मुख्यालय में सोनिया गांधी ने हाथ के इशारे से ‘वंदे मातरम्’ के गायन को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर ‘वंदे मातरम्’ के विरोध को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
वर्मा ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता, संविधान और स्वतंत्रता सेनानियों में विश्वास रखने वाला कोई भी भारतीय स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ के गायन से नाराज नहीं हो सकता। उन्होंने कांग्रेस पर देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वालों और करोड़ों देशवासियों का अपमान करने का आरोप लगाया।
पूर्व विधायक बोले—देश में रहना है तो ‘वंदे मातरम्’ कहना होगा
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि “जिसे देश में रहना है, उसे वंदे मातरम् कहना होगा।” भाजपा नेताओं ने ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्र सम्मान और देशभक्ति का प्रतीक बताते हुए कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

