बठिंडा कोर्ट परिसर और स्कूलों को भी उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
बठिंडा/चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। ईमेल के जरिए भेजी गई धमकी में 5 सितंबर को बठिंडा में मुख्यमंत्री को निशाना बनाने की बात कही गई है। साथ ही बठिंडा कोर्ट परिसर और कई स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद पंजाब पुलिस, इंटेलिजेंस और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
ईमेल में क्या लिखा है –
– धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा इंटरनेशनल संगठन के नाम का इस्तेमाल किया गया है।
– ईमेल में मुख्यमंत्री की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह से की गई है और सिख युवाओं पर कार्रवाई का आरोप लगाया गया है।
– इसमें दावा किया गया है कि 5 सितंबर को बठिंडा में सीएम भगवंत मान को बम से निशाना बनाया जाएगा।
– ईमेल में बेअंत सिंह हत्याकांड में मानव बम के रूप में शामिल रहे दिलावर सिंह का भी जिक्र किया गया है। गौरतलब है कि दिलावर सिंह का पैतृक गांव जै सिंह वाला बठिंडा जिले में ही है और कुछ संगठनों द्वारा 31 अगस्त को उसका शहीदी दिवस मनाया जाता है।
– धमकी में आज बठिंडा कोर्ट परिसर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
धमकी मिलने के बाद बठिंडा में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड द्वारा कोर्ट परिसर और स्कूलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साइबर सेल ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। संभावित संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

