केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा।भाजपा सरकार द्वारा शक्कर के दामों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में सिवनी मालवा में कांग्रेस गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी।
नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय गांधी चौक पर एकत्रित होंगे। वहां से कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला के निवास पर पहुंचेंगे और उन्हें मिठाई के रूप में शक्कर भेंट कर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुदेश शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम का पर्व है, लेकिन भाजपा सरकार ने शक्कर के दाम बढ़ाकर आम जनता, विशेषकर मध्यमवर्गीय एवं गरीब परिवारों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। त्योहार के समय शक्कर महंगी होने से हर घर की रसोई पर असर पड़ा है।
इसी का प्रतीकात्मक विरोध करते हुए कांग्रेस शक्कर भेंट कर सरकार को बढ़े हुए दाम वापस लेने का संदेश देगी।इस विरोध कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पांडे सहित नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

