टिमरनी में महिला की हत्या और लूट का सनसनीखेज खुलासा, 7 दिन में आरोपी गिरफ्तार, पुराने प्रेम प्रसंग और शादी कर टिमरनी छोड़ने की बात से नाराज था आरोपी, तार से गला घोंटकर की थी हत्या
टिमरनी। थाना टिमरनी पुलिस ने 24 अगस्त को हुई 57 वर्षीय महिला पुष्पा बाई की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का महज सात दिन में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मधुसूदन गौर (60 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7, ठाकुर बाबा मोहल्ला, टिमरनी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक पुष्पा बाई अपने पुराने मकान में अकेली रहती थीं। 24 अगस्त की सुबह उनके भाई अनुराग गौर को सूचना मिली कि पुष्पा की तबीयत खराब है और वह कोई हलचल नहीं कर रही हैं। घर पहुंचने पर पुष्पा बाई कमरे में पलंग पर मृत अवस्था में मिलीं। उनके गले में हरे रंग का बिजली का तार कसा हुआ था। साथ ही गले में पहनी सोने की मोतियों की माला और कान के कुंडल गायब थे। मौके से सोने का एक मोती भी बरामद हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टिमरनी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और लूट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
50 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले, 100 घंटे की फुटेज देखी
पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों की जांच की गई और करीब 100 घंटे की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों से पूछताछ की गई।
जांच के दौरान पुलिस का शक मधुसूदन गौर पर गहराया। पूछताछ में आरोपी ने पुष्पा बाई से पुराना प्रेम प्रसंग होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, मृतिका के कहीं और विवाह कर टिमरनी छोड़कर चले जाने की बात को लेकर आरोपी नाराज था। इसी रंजिश में उसने कथित तौर पर पुष्पा बाई की हत्या कर दी और उनके सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतिका के लूटे गए सोने के मोती और टॉप्स बरामद किए हैं।
एक सप्ताह में खुलासा, पुलिस की कार्यशैली की सराहना
महिला की हत्या और लूट की वारदात से टिमरनी क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस द्वारा महज 7 दिनों में अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने से मामले की गुत्थी सुलझ गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हरदा श्री शशांक के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित मिश्रा एवं एसडीओपी टिमरनी श्रीमती आकांक्षा तलया के निर्देशन में की गई।
सराहनीय भूमिका: एसडीओपी आकांक्षा तलया, निरीक्षक मुकेश गौड़, उपनिरीक्षक मनोज दुबे, संतोष श्रीवास्तव, प्रियंका पाठक, सउनि दिनेश सहित टिमरनी थाना पुलिस एवं साइबर टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

