इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारी तेज – 19 सितंबर को होगा मेगा शो तारीख और वेन्यू में बड़ा बदलाव
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 इंदौर । नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का इंदौर दौरा अब 12 सितंबर की जगह 19 सितंबर 2026 को होगा। पहले जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम होना था, लेकिन नगर निगम और जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बाद कांग्रेस को वेन्यू बदलना पड़ा। अब रीजनल पार्क के सामने वाले 12,000 वर्ग मीटर के खुले मैदान में कार्यक्रम होगा, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘भारत जोड़ो मैदान’ नाम दिया है।
कार्यक्रम की तैयारियों का अपडेट
शहर कांग्रेस ने इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) से मैदान के 3 दिन के अस्थायी पट्टे के लिए 10.08 लाख रुपये जमा कर दिए हैं। IDA ने नगर निगम और पुलिस विभाग से ट्रैफिक, सुरक्षा, पार्किंग और साफ-सफाई पर रिपोर्ट मांगी है, उसके बाद फाइनल अनुमति मिलेगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा है कि औपचारिक अनुमति नहीं भी मिली तो भी कार्यक्रम उसी मैदान पर होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर तैयारियों को लेकर बड़ी बैठक हुई। इसमें केबी बायजू, शोभा ओझा, विपिन वानखेड़े सहित कई नेता मौजूद रहे। इंदौर को एजुकेशन हब मानते हुए प्रदेश भर से 50,000 से 1.5 लाख छात्रों के रजिस्ट्रेशन का टारगेट रखा गया है। पहले से ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू है।
कार्यक्रम का फॉर्मेट क्या होगा……?
यह कांग्रेस का देशव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान है, जो पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में हो चुका है। इंदौर में फॉर्मेट ऐसा रहेगा – पहले लाइव कंसर्ट / म्यूजिकल प्रोग्राम, फिर राहुल गांधी की प्रेजेंटेशन और उसके बाद Gen Z छात्रों के साथ सीधा सवाल-जवाब। राहुल गांधी पेपर लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितता और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाएंगे।
सियासी घमासान भी तेज
राहुल गांधी के कार्यक्रम से ठीक दो दिन पहले 17 सितंबर को BJP के राष्ट्रीय महामंत्री नितिन नवीन का उज्जैन-इंदौर दौरा प्रस्तावित है। वे महाकाल दर्शन के साथ युवा संवाद करेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह BJP का ‘छात्रों की गूंज’ के जवाब में काउंटर प्लान है।

