बलराम जयंती पर किसानों ने की पूजा, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
मोरंड-गंजाल परियोजना का पेप हाउस क्रमांक-4 का काम रबी सीजन से पहले पूरा करने की मांग
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 खिरकिया। भारतीय किसान संघ तहसील खिरकिया ने मंगलवार को भगवान बलराम जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया। तह प्रभारी यशवंत सिंह राजपूत ने भगवान बलराम के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। संभागीय सदस्य कैलाश गुजर ने भगवान बलराम के जीवन पर बात रखी और किसान समाज में उनके महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में ग्राम में भी बलराम जयंती मनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के बाद किसानों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधीश के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ये हैं मुख्य मांगें
मोरंड-गंजाल परियोजना के पेप हाउस क्रमांक-4 का काम रबी सीजन से पहले पूरा किया जाए।
किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाए।
सोयाबीन, मक्का, उड़द सहित सभी फसलों की एमएसपी पर खरीदी की जाए।
चारूवा, जयमलपुरा सहित 10-12 गांवों के छूटे किसानों को फसल बीमा का लाभ देने की मांग रखी गई। मंडी में अतिरिक्त प्लेट कांटा लगाने की मांग भी की गई।
किसानों ने उप नहर, माइनरों की सफाई और टूटे बिजली खंभे ठीक करने की मांग की, साथ ही झूलते तार दुरुस्त करने की मांग की। जले ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने की मांग की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान पहुंचे।

