के के यदुवंशी सिवनी मालवा। नर्मदा नदी में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह 5 बजे से शुरू हुई कार्रवाई अभी भी जारी है। कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देश पर एसडीएम विजय राय के नेतृत्व में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में लगी 7 पनडुब्बी और 2 मोटरबोट जब्त की हैं।
एसडीएम विजय राय ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा मौके पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। सुबह 5 बजे से ही टीम नर्मदा नदी में अवैध रूप से रेत उत्खनन कर रही पनडुब्बियों और मोटरबोट को पकड़ने में जुटी हुई है।
एसडीएम खुद नाव पर सवार होकर कर रहे निगरानी
कार्रवाई की खास बात यह रही कि एसडीएम विजय राय स्वयं राजस्व टीम के साथ नाव पर सवार होकर नर्मदा नदी में भ्रमण करते हुए कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। इस दौरान थाना प्रभारी नवीन पांडे भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
एसडीएम को स्वयं नदी में उतरकर कार्रवाई करते देख अवैध उत्खनन करने वालों में हड़कंप मच गया।
उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह पूर्व में भी संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में लगी पनडुब्बियां जब्त की गई थीं। फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई जारी है।

