जबलपुर। महानगरी एक्सप्रेस के बी टू कोच में आरपीएफ ने एक नकली टीटी को पकड़ा है। वह टीटीई की यूनिफार्म पहनकर यात्रियों के मास्क की जांच कर रहा था, जिनके पास मास्क नहीं था, उन पर जुर्माना भी लगा रहा था। घटना जबलपुर रेलवे स्टेशन की है। जैसे ही इसकी खबर टीटीई को लगी, उन्होंने तत्काल आरपीएफ को इसकी जानकारी दी। आरपीएपफ ने मौके पर पहुंचकर नकली टीटीई को पकड कर जीआरपी के हवाले कर दिया।
मास्क और टिकट पूछ रहा था
सोमवार रात करीब 9.30 बजे प्लेटफार्म क्रमांक 1 पर बनारस से मुंबई जा रही महानगरी एक्सप्रेस जबलपुर रेलवे स्टेशन पर आकर खड़ी हुई। तभी राजू पटेल नाम एक युवक ट्रेन के एसी कोच बी 2 में घुस गया। वहां बैठे यात्रियों से टिकट और मास्क पूछने लगा। कुछ यात्रियों ने उसे टिकट दिखाई और जिन्होंने नहीं दिखाई राजू पटेल उनसे 250 रुपए पैनाल्टी वसूलने लगा। राजू की हरकत देख कोच के यात्रियों ने आरपीएफ को खबर कर दी। आरपीएफ के पास कार्रवाई का अधिकार न होने के कारण नकली टीटीई को जीआरपी के हवाले कर दिया गया। जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पहले भी नकली टीटीई बनकर कर चुका है वसूली
राजू पटेल इससे पहले भी ट्रेन में यात्रियों से टिकट के नाम पर वसूली करता रहा है, लेकिन आरपीएपफ और जीआरपी की लापरवाही से हर बार वह बच जाता था। इस बार भी आरपीएपफ ने पकड़कर जीआरपी को दे दिया और जीआरपी ने उस पर मामूली धारा लगाकर उसे छोड़ दिया। सूत्र बताते हैं कि टीटीई बनकर वसूली करने वाला राजू जबलपुर स्टेशन के पास ही रहता है।
महानगरी ट्रेन ने आरपीएपफ ने टीटीई की यूनिफार्म में एक व्यक्ति को पकडा है, जो यात्रियों से मास्क की पूछताछ कर रहा था। उसे जीआरपी के हवाले कर दिया गया है।– अरूण त्रिपाठी, डीएससी, आरपीएफ, जबलपुर

