हंडिया : गणपति विसर्जन! प्रशासन की मुस्तैदी के बीच घाट से ब्रिज तक दिखीं कुछ तस्वीरें, जिन पर ध्यान जरूरी,,,
श्री रिद्धनाथ घाट पर शांतिपूर्ण विसर्जन; खराब रास्ते, जलभराव और कचरे के साथ ब्रिज की रेलिंग के पास खड़े होकर नीचे झांकते दिखे लोग,,
हंडिया। गणेशोत्सव के समापन पर शुक्रवार को श्री रिद्धनाथ घाट पर गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। विसर्जन के दौरान प्रशासन और पुलिस का अमला मुस्तैद नजर आया। तहसीलदार, थाना प्रभारी, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, कोटवार सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
मौके पर व्यवस्थाओं के साथ कुछ कमियां भी नजर आईं। घाट तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्ग में आंगनबाड़ी के पास रास्ता खराब और टूटा हुआ था। नाली क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर पानी भरा रहा। गणपति प्रतिमाएं लेकर बाहर से आए श्रद्धालुओं को इस स्थिति के बीच आवागमन करना पड़ा।
विसर्जन कुंड के पास गंदगी
कुंड के पास सफाई में कमी, ब्रिज पर सुरक्षा को लेकर भी सवाल
विसर्जन के लिए कुंड तैयार किया गया था। लेकिन उसके आसपास गंदगी और कचरा पड़ा नजर आया। घाट का अधिकांश हिस्सा व्यवस्थित था। मगर मुख्य विसर्जन स्थल के आसपास सफाई पर और ध्यान दिया जा सकता था।
इसी दौरान ऊपर ब्रिज पर भी कई लोग रेलिंग के पास खड़े होकर नीचे विसर्जन देख रहे थे। कुछ लोग रेलिंग के पास खड़े होकर फोटो करते नजर आए। ब्रिज की रेलिंग के बिल्कुल पास खड़े होकर नीचे झांकना सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है। हालांकि प्रशासन की ओर से लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थान पर रहने की चेतावनी दी जा रही थी, फिर भी ऐसे स्थानों पर निगरानी और बढ़ाई जा सकती थी।
पहुंच मार्ग
मां नर्मदा के किनारे बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।ऐसे में पहुंच मार्ग तथा सफाई के साथ-साथ भीड़ की सुरक्षित आवाजाही पर भी विशेष ध्यान जरूरी है। छोटी-सी लापरवाही भी परेशानी का कारण बन सकती है।
इसके बावजूद विसर्जन के दौरान प्रशासन और पुलिस की सक्रियता बनी रही। अधिकारी-कर्मचारियों ने मौके पर अपनी जिम्मेदारी निभाई और नगर सुरक्षा समिति ने भी व्यवस्था में सहयोग किया। विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
रेलिंग के पास खड़े दर्शक
मौके की तस्वीर में प्रशासनिक इंतजाम जहां सराहनीय रहे, वहीं खराब पहुंच मार्ग, मुख्य स्थल की सफाई और ब्रिज पर रेलिंग के पास लोगों की मौजूदगी जैसी बातों पर भविष्य में और ध्यान देने की जरूरत नजर आई।ऐसे धार्मिक आयोजनों में व्यवस्था के साथ सुरक्षा और स्वच्छता के इन पहलुओं को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।




