घायलो का अस्पताल में चल रहा इलाज
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 सीहोर/देवास । मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सलकनपुर धाम से माता के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन मंगलवार दोपहर भीषण हादसे का शिकार हो गया। हादसा भोपाल-इंदौर हाईवे पर नेवरी फाटा के पास हुआ, जब लोडिंग वाहन अचानक अनियंत्रित होकर एक के बाद एक दो पेड़ों से टकरा गया और सड़क से नीचे गहराई में उतर गया।
चीख-पुकार के बीच दौड़े ग्रामीण
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वाहन में सवार बच्चे, महिलाएं, किशोरियां और पुरुष समेत करीब 20 से अधिक लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया है।
एक बालक की हालत गंभीर
जानकारी के अनुसार एक बालक के सिर में गंभीर अंदरूनी चोट आई है, जिसके कारण वह बात करने की स्थिति में भी नहीं है। बताया जा रहा है कि वाहन का पिछला हिस्सा टक्कर के बाद उखड़कर अलग हो गया था।
सभी श्रद्धालु शिप्रा-इंदौर क्षेत्र के
घायल सभी लोग शिप्रा, टिगरिया गोगा और इंदौर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो आपस में रिश्तेदार और परिचित हैं। ये सभी सोमवार शाम को माता दर्शन के लिए सलकनपुर रवाना हुए थे।
जिला अस्पताल के अनुसार घायलों में राम, कार्तिक, मंगूबाई निवासी टिगरिया गोगा शिप्रा देवास, वर्षा पत्नी कार्तिक निवासी हरसोला इंदौर, अनीता राजोरिया निवासी तेजाजी नगर इंदौर, प्रेमबाई पत्नी रमेशचंद्र, पूजा पत्नी आनंद, भाग्यश्री, दिव्यांशी निवासी पीर कराडिया शिप्रा, निशा निवासी टिगरिया गोगा सहित अन्य शामिल हैं।
पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही सोनकच्छ एसडीओपी श्यामचंद शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर और जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मिलकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

