मकड़ाई समाचार भोपाल। शहर के अवधपुरी इलाके में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रही एक युवती के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोपित युवक उसका पूर्व परिचित है। पिपलानी थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पिपलानी थाना पुलिस के मुताबिक अवधपुरी क्षेत्र में रहने वाली 23 वर्षीय युवती मेडिकल की छात्रा है। छात्रा ने शिकायत में पुलिस को बताया कि दो वर्ष पहले उसका परिचय मोहल्ले में रहने वाले रोशन खत्री नाम के युवक से हुआ था। जल्द ही उनके बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। 25 नवंबर 2019 को रोशन एक पार्टी में शामिल होने के लिए पिपलानी स्थित होटल में ले गया। वहां उसने छात्रा के साथ डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया।
कुछ दिन बाद रोशन ने छात्रा को बताया कि उसने होटल में वीडियो बना लिया है। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रोशन ने छात्रा का लगातार शरीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। कुछ दिनों बाद रोशन इंदौर में शिफ्ट हो गया। वह भोपाल आकर छात्रा से ज्यादती करने के साथ ही रुपयों की भी मांग करने लगा। अभी तक वह तीन लाख रुपये रोशन को दे चुकी थी। परेशान होने पर छात्रा ने रोशन को रुपये देने के लिए मना कर दिया, तो वह छात्रा को बदनाम करने लगा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रोशन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

