मकड़ाई समाचार हरदा। पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के पड़ोस में रहने वाले दो आरोपियों पर अजाक थाने में केस दर्ज किया है। महिला ने उसके पड़ोसी संदीप पंडित व गोलू पंडित द्वारा जाति सूचक शब्दों का उपयोग करते हुए आए दिन मानसिक प्रताड़ित करने की शिकायत एसपी मनीष अग्रवाल से की थी। शनिवार देर रात आरोपियों के खिलाफ एससी , एसटी व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। दोनों आरोपी आपस में भाई हैं। आरोपी अभी फरार हैं। अजाक थाने के इंस्पेक्टर अनुराग लाल ने बताया पुरानी गल्ला मंडी में रहने वाली पीड़िता दीपिका पति आकाश ने शिकायती की थी कि उसने तीन साल पहले दीपक से लव मैरिज की थी। वह अपनी बेटी व पति के साथ पुरानी गल्ला मंडी, हनुमान मंदिर के पास रहती है। जिसे पास में ही रहने वाले गोलू पंडित व उसका भाई संदीप पंडित सरकारी नल से पानी नहीं भरने देते थे। शौचालय में पत्थर डाल देते थे। उसकी बेटी को मंदिर जाने पर ऊपर से प्रसाद देते थे। एक बार उसे धक्का देकर गिरा भी दिया था। जिससे उसके होंठ में चोट आई थी। पीड़िता ने पुलिस पर दबंगों के राजनीतिक संरक्षण के कारण दो माह तक कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया था। मामला मीडिया की सुर्खियों में आने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
ब्रेकिंग
