राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली, एक्सीलेंस स्कूल हरदा में हुआ शुभारंभ
हरदा, : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर जिले भर में बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शासकीय विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में अभियान चलाकर बच्चों को कृमिनाशक दवा का सेवन कराया गया। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर एक्सीलेंस स्कूल हरदा से किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि बच्चों में पेट के कीड़े होने से पेट दर्द, भूख कम लगना, कमजोरी, थकान तथा पोषण संबंधी समस्याएं होती हैं। नियमित रूप से कृमिनाशक दवा देने से आंतों में मौजूद परजीवी कृमियों को नियंत्रित करने में मदद मिलती है और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार होता है। एल्बेंडाजोल के फायदे
सीएमएचओ ने बताया कि एल्बेंडाजोल एक कृमिनाशक दवा है, जो आंतों में पाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के परजीवी कृमियों के उपचार एवं नियंत्रण में उपयोगी है। इसके सेवन से बच्चों में कृमि संक्रमण कम होता है, पोषक तत्वों का बेहतर अवशोषण होता है और स्वस्थ शारीरिक विकास को बढ़ावा मिलता है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष यादव ने अभिभावकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग एवं विद्यालयों द्वारा आयोजित कृमि मुक्ति अभियान में अपने बच्चों को निर्धारित आयु एवं विभागीय निर्देशों के अनुसार एल्बेंडाजोल की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने बच्चों को हाथों की स्वच्छता, साफ पानी का सेवन, नाखून छोटे रखने तथा भोजन से पहले और शौच के बाद हाथ धोने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक दिनेश चौहान एवं एपीएम मदन मोहन मालवीय ने बच्चों एवं अभिभावकों को कृमि संक्रमण से बचाव और व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एम.के. चौरे ने बताया कि हरदा जिले के सभी शासकीय विद्यालयों और आंगनवाड़ी केन्द्रों में कुल 1 लाख 70 हजार 309 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई गई। जो बच्चे आज किसी कारण से अनुपस्थित रहे, उन्हें मॉपअप दिवस 9 अक्टूबर को दवा खिलाई जाएगी।

