‘विकसित भारत 2047’ का लिया जाएगा संकल्प
हरदा : मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 7 अक्टूबर 2026 को जिला एवं ग्राम पंचायत स्तर पर ‘‘सेवा ज्योति यात्रा’’ एवं ‘‘विकसित भारत संकल्प सभा’’ का आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा यात्रा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7 बजे टिमरनी एवं हरदा विधानसभा क्षेत्रों से ग्राम पंचायत स्तर से सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा सुबह 9 बजे शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, हरदा पहुंचेगी।
प्रातः 9ः45 बजे तक देश भक्ति गीतों का गायन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9ः45 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़ेंगे तथा उनका उद्बोधन होगा। इसके बाद दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में सेवा ज्योति प्रज्जवलित की जाएगी तथा इसके बाद उसी मशाल से विधानसभा क्षेत्रों की सेवा ज्योति प्रज्जवलित की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम अनुसार ज्योति प्रज्जवलन के पश्चात जिले की विधानसभा क्षेत्रों से उपस्थित नागरिक अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र की सेवा ज्योति मशाल के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के लिये प्रस्थान करेंगे तथा विधानसभा क्षेत्र में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। विधानसभा क्षेत्र की सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व स्थानीय जनप्रतिनिधिगण द्वारा किया जाएगा।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
सेवा ज्योति यात्रा के प्रभावी संचालन के लिए अपर कलेक्टर अनुपमा चौहान को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी, हरदा को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं। जनप्रतिनिधियों के स्वागत, आईईसी गतिविधियों तथा पोस्टर प्रदर्शन की व्यवस्था पंचायत, ग्रामीण विकास एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा की जाएगी। दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था महिला एवं बाल विकास विभाग संभालेगा।
चिकित्सा विभाग द्वारा एम्बुलेंस एवं चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा भोजन, पेयजल, यातायात एवं पार्किंग, साफ-सफाई, मंच संचालन तथा लाइव टेलीकास्ट सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित
सेवा संकल्प अभियान की विभिन्न गतिविधियों की निगरानी एवं रिपोर्ट संकलन के लिए जिला पंचायत कार्यालय, हरदा में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका संचालन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के निर्देशन में किया जाएगा।
ऑनलाइन प्रविष्टि एवं रिपोर्टिंग के लिए नितिन वर्मा को नोडल अधिकारी तथा आयुषी विश्वकर्मा को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

