चौदस की रात से खुलेंगी धर्मशालाएं और स्कूल, चार स्थानों पर पार्किंग; दोनों घाटों पर स्वास्थ्य कैंप, चलित शौचालय और प्रकाश की रहेगी व्यवस्था
हंडिया। सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हंडिया पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, स्वच्छता, प्रकाश और घाट व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को तहसील कार्यालय स्थित अटल सुशासन भवन में तहसीलदार श्रीमती पूजा भाटी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
चौदस की रात से धर्मशालाएं और स्कूल रहेंगे खुले
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था को लेकर निर्णय लिया गया कि चौदस की रात से अमावस्या तक हंडिया की सभी धर्मशालाएं खुली रहेंगी। आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को भी रात्रि में खोलने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को ठहरने में परेशानी न हो।
चार स्थानों पर होगी पार्किंग व्यवस्था
अमावस्या पर वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इनमें जाट ग्राउंड, मिडिल स्कूल परिसर, हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर और ग्राम पंचायत परिसर शामिल हैं। पार्किंग व्यवस्था का उद्देश्य घाट क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करना है।
इसके साथ ही प्रमुख स्थानों पर चलित शौचालय भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
घाटों पर दुकानों की सीमा होगी निर्धारित
घाटों पर लगी अस्थाई दुकानों को व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया है। दुकानदारों की सीमा निर्धारित करने के लिए चूना लाइन डाली जाएगी। चूना लाइन के आगे सामान रखने पर रोक रहेगी। वहीं भिक्षावृत्ति करने वालों को भी निर्धारित स्थान पर हटाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी न हो।
दोनों प्रमुख घाटों पर लगेंगे स्वास्थ्य कैंप
श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हंडिया के दोनों प्रमुख घाटों पर स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
रात्रि में दोनों मार्गों पर होगी रोशनी
रात्रि के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पेट्रोल पंप से आगे दोनों मार्गों पर लकड़ी के अस्थाई पोल लगाकर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा गांव के अंदर स्थित पुलिया के रास्ते को मुरूम डालकर दुरुस्त करने पर भी सहमति बनी।
पाटीदार भवन के पास गंदगी का मुद्दा उठा
बैठक में पिछली बैठक में उठाए गए सफाई के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। पाटीदार भवन के पास अब तक गंदगी साफ नहीं होने और टूटी नाली की सफाई नहीं होने का मामला सामने आया। पर्व से पहले संबंधित क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश की आवश्यकता बताई गई।
इसके अलावा हंडिया में घूम रहे आवारा गोवंश को गौशाला पहुंचाने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया समन्वय पर जोर
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के बीच अमावस्या पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय पर जोर दिया गया। प्रशासन का प्रयास है कि हंडिया पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्नान, दर्शन, ठहरने, स्वास्थ्य, शौचालय, प्रकाश, स्वच्छता और आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में तहसीलदार पूजा भाटी, प्लाटून कमांडर रक्षा राजपूत, टीआई आरपी कवरेती, जेई पवन बारस्कर, बीपीएम सुरेश खांडे, राजस्व निरीक्षक उत्तम पारदे, ग्राम पटेल प्रहलाद सिंह खत्री, पटवारी उदय सिंह उईके, सचिव एनपी धान्वे, समाजसेवी मांगीलाल मंडलोई, अवंतिका तिवारी, विधायक प्रतिनिधि अरुण तिवारी, सरपंच लखनलाल भिलाला सहित पत्रकारगण मौजूद रहे।

