मुंबई। विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स 1,048.16 अंक (1.25 प्रतिशत) लुढ़ककर 82,626.76 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 336.10 अंक यानी 1.30 प्रतिशत टूटकर 25,471.10 अंक पर बंद हुआ। प्रमुख सूचकांक लगातार दूसरे दिन टूटे हैं। यह दोनों सूचकांकों का 02 फरवरी के बाद का निचला स्तर है।मझौली और छोटी कंपनियों पर और भी अधिक दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.69 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.79 फीसदी गिर गया। आईटी, एफएमसीजी, धातु, रियलटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और रसायन समेत सभी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।आईटी कंपनियों में सुबह तेज गिरावट थी, लेकिन बाद में उनमें काफी सुधार हुआ। सेंसेक्स में बजाज फाइनेंस (करीब ढाई प्रतिशत) और भारतीय स्टेट बैंक की तेजी को छोड़कर अन्य कंपनियों गिरावट में रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर और इटरनल के शेयर चार प्रतिशत से अधिक गिर गये। टाटा स्टील, टाइटन, टीसीएस, पावरग्रिड और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर दो प्रतिशत से अधिक टूटे। बीईएल, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, अडानी पोट्र्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एनटीपीसी, इंफोसिस, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और इंडिगो में एक से दो प्रतिशत के बीच गिरावट रही। सनफार्मा, ट्रेंट, बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और एलएंडटी के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए। विदेशों में दूसरे एशियाई बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए।
ब्रेकिंग
