भोपाल। मप्र मे विगत सप्ताह से लगातार हो रही बारिश ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। बताया जा रहा है कि उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में 48 घंटे से अधिक समय से कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है।
गुना में मंगलवार बादल फटने जैसे हालात
भारी बारिश के कारण मंगलवार को गुना में बादल फटने जैसे हालात बने। यहां सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 300 मिलीमीटर (12 इंच) वर्षा दर्ज हुई। दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक के तीन घंटे में ही 169 मिमी (6.65) वर्षा हुई। प्रशासन ने बाढ़ के हालात से निपटने के लिए सेना बुलाई है।
मौसम विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि बादल फटने की घटना अक्सर हिमालयी क्षेत्रों में होती है। एक घंटे में 100 मिमी. या अधिक बारिश होने को बादल फटना कहा जाता है। इसके पहले गुना में 24 घंटे में 293.4 मिमी बारिश का रिकॉर्ड है। यह 25 जुलाई 1958 को दर्ज हुआ था। दो जुलाई 2001 को 24 घंटे में 257 मिमी. वर्षा हो चुकी है। रात में भारी बारिश जारी रही तो यह रिकॉर्ड टूट सकता है।
क्यूँ हो रही भारी बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अरब सागर से लगातार बड़े पैमाने पर नमी आ रही है। इससे पूरे प्रदेश में लगातार अच्छी बारिश हो रही है। इसके प्रभाव से बुधवार को भी कुछ क्षेत्रों में अति भारी बारिश हो सकती है।
प्रदेश के कई जिलों में आज स्कूल बंद
प्रदेश के रायसेन, नरसिंहपुर, भोपाल, नर्मदापुरम संभाग में भी भारी बारिश दर्ज हुई है। नर्मदापुरम में मंगलवार सुबह स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई। वहां आज भी अवकाश है। भोपाल कलेक्टर ने भी स्कूलों में बुधवार को अवकाश का आदेश जारी कर दिया है। इसके अलावा रायसेन, विदिशा, गुना, सीहोर और अशोक नगर सहित 1 दर्जन जिलों में भी बुधवार को स्कूल बंद हैं।
बड़ा तालाब में अभी 3 से 5 फीट तक पानी की कमी
भोपाल में झमाझम बारिश से जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले बड़े तालाब का पेट भरने के लिए 4.8 फीट पानी की जरुरत है। बड़े तालाब का कुल भराव क्षमता 1666.80 फीट है, जबकि वर्तमान में 1662.00 फीट तक पहुंच चुका है।
कालियासौत डेम में करीब 3 फीट केरवा डेम मे 5 फीट कोलार 7 फीट पानी कम
जानकारी के अनुसार शहर के कलियासोत डैम की कुल भराव क्षमता 505.67 मीटर है, यह 502.80 मीटर पर पहुंच चुका है। वहीं केरवा डैम की कुल भराव क्षमता 509.93 मीटर है, वर्तमान में यह 504.14 मीटर पहुंच गया है। कोलार डैम की कुल भराव क्षमता 462.20 मीटर है, जो फिलहाल 455.05 मीटर पर पहुंच चुका है।

