हरदा। थाना छीपाबड़ पुलिस ने हत्या के मामले में फरार आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा एवं एसडीओपी खिरकिया रॉबर्ट गिरवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह चौहान की टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम धनवाड़ा में विवाद के दौरान बाबूलाल धवे ने अपने जीजा मतुआ सिंह के सिर पर लकड़ी से हमला कर दिया था। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान मतुआ सिंह की मौत हो गई।
मामले में थाना छीपाबड़ में अपराध क्रमांक 457/26 के तहत धारा 296(बी), 103(1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी बाबूलाल धवे, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम धनवाड़ा, थाना छीपाबड़, जिला हरदा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की गई है।

