हरदा/हंडिया। थाना हंडिया पुलिस ने ग्राम खेड़ा स्थित वेयरहाउस से चोरी हुए चने की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशादेही से चोरी हुए 6 कट्टी चना तथा वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम खेड़ा निवासी रूद्रनाथ पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 सितंबर की रात करीब 2 बजे अज्ञात चोरों ने उनके वेयरहाउस से 6 कट्टी चना चोरी कर लिया। शिकायत पर थाना हंडिया में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी
जांच के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि विमलेश्वर आश्रम के सामने हंडिया में दो व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल से टाट की बोरियों में चना बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में संजय पिता पंचम काजले और शंकर पिता बाबूलाल कलम, दोनों निवासी अजनास रैयत, ने अपने साथी बृजेश पिता अमर सिंह कलम के साथ मिलकर खेड़ा के वेयरहाउस से चना चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने बृजेश को भी गिरफ्तार कर लिया।
6 कट्टी चना और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपी संजय के कब्जे से 2 कट्टी चना तथा बृजेश की निशादेही पर खेड़ा बाईपास कच्चे रोड के नाले की झाड़ियों से 4 कट्टी चना बरामद किया। वहीं आरोपी शंकर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक MP47MK6933 जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में संजय काजले (29), शंकर कलम (35) और बृजेश कलम (28) शामिल हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और मेडिकल परीक्षण के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल दाखिल किया गया।

