पुलिस ने कांग्रेस नेता के बेटे अमन कसलीवाल को किया गिरफ्तार
देवास / इंदौर। मध्य प्रदेश के देवास जिले में जहरीली शराब कांड की जांच में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। इंदौर निवासी अमन कसलीवाल को देवास पुलिस ने 28 अक्टूबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अमन पर नकली शराब बनाने के लिए केमिकल सप्लाई करने का आरोप है। इस गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है क्योंकि अमन कांग्रेस के प्रवक्ता आनंद कसलीवाल का बेटा बताया जा रहा है।
AI से सीखा नकली शराब बनाना, फिर केमिकल मंगवाया
इस मामले के मुख्य आरोपी अजय राठौर ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। देवास कोतवाली प्रभारी शशिकांत चौरसिया के अनुसार, राठौर ने 27-28 सितंबर से AI ऐप पर घर में शराब बनाने का तरीका सर्च किया। उसके बाद उसने इंटरनेट से इंदौर के दवा बाजार में स्थित ‘राइजिंग ब्रदर्स’ नाम की सॉल्वेंट बेचने वाली फर्म को संपर्क किया।
पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को केमिकल की डिलीवरी हुई और 2 अक्टूबर से राठौर और उसके साथी गोविंद ने घर में ही नकली शराब बनाना शुरू कर दिया। कबाड़ से खरीदी गई ब्रांडेड शराब की खाली बोतलों में इस केमिकल वाली शराब को भरकर ऊपर से असली ढक्कन लगाए गए। बाद में इसे ग्रामीण इलाकों में असली शराब की पेटियों में मिलाकर बेचा गया ताकि पहचान न हो सके।
13 मौतों का दावा, 11 गिरफ्तार – वेयरहाउस सील
यह मामला चंदाना और बिंजना गांव में 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच हुई मौतों के बाद सामने आया। ग्रामीणों का दावा है कि जहरीली शराब पीने से 10 से 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 22 मौतें और 40 लोगों के अंधे होने का आरोप लगाया है। जिला प्रशासन ने शुरू में इसे जहरीली शराब कांड मानने से इनकार किया था, लेकिन बाद में राज्य सरकार ने 5 सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है।
पुलिस अब तक इस केस में 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी अजय राठौर 26 अक्टूबर को पकड़ा गया। उसके साथी विशाल चौहान, रामेश्वर सिंह सोनगरा और बोतलों के ढक्कन सप्लाई करने वाला सत्येंद्र ओझा भी पकड़े गए हैं। एक अन्य मुख्य आरोपी गोविंद अभी भी फरार है। अमन कसलीवाल का इंदौर दवा बाजार स्थित चौथी मंजिल पर बना वेयरहाउस सील कर दिया गया है और वहां से केमिकल के सैंपल लिए गए हैं।
फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने बताया कि दो मृतकों के विसरा सैंपल और जब्त की गई शराब को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) में जांच के लिए भेजा गया है। कनेक्शन तभी साबित होगा जब रिपोर्ट आएगी। फिलहाल आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 49(a) के तहत केस दर्ज कर 8 आरोपियों को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
राजनीतिक बवाल शुरू
अमन कसलीवाल के कांग्रेस नेता का बेटा होने की बात सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं। बीजेपी ने पूछा है कि क्या प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी अब कांग्रेस नेता के घर भी विरोध करने जाएंगे? हालांकि पुलिस का कहना है कि किसी आरोपी का राजनीतिक परिवार से संबंध होना पार्टी की संलिप्तता का प्रमाण नहीं है। जांच अभी जारी है।

