जन्मदिन मनाने भून्नास आ रहा था सुमित, अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान
हरदा। जिले के करताना और तजपुरा के बीच हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रेहटी निवासी सुमित, उम्र करीब 25 वर्ष, के रूप में हुई है। वह अपना जन्मदिन मनाने हरदा जिले के ग्राम भून्नास आ रहा था। दुखद पहलू यह है कि सुमित की शादी दो माह बाद होने वाली थी। हादसे की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करताना और तजपुरा के बीच रास्ते में सुमित की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
यह दुर्घटना टिमरनी थाना क्षेत्र की करताना चौकी अंतर्गत हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

