हरदा में कोटवार कर्मचारी संघ का आंदोलन, संयुक्त कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
हरदा। मध्यप्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ की जिला इकाई हरदा ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आज जिला मुख्यालय पर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।।
संघ ने 22 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण सत्याग्रह धरना-प्रदर्शन करने तथा टेंट लगाकर माइक का उपयोग करने की अनुमति मांगी है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश संगठन के निर्णय के अनुसार कोटवारों की प्रमुख मांगों को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ है।
संघ ने कोटवारों को शासकीय कर्मचारी घोषित करने, सेवानिवृत्ति एवं मृत्यु की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहायता देने, भूमि संबंधी अधिकारों तथा लंबित भुगतान जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया है। ज्ञापन में कोटवारों की समस्याओं की जांच उच्च एजेंसी से कराने और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई कि मांगों का समाधान नहीं होने पर 28 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर टेंट लगाकर आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर 31 अक्टूबर 2026 से भोपाल में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन शुरू करने की बात कही गई है।
संघ ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शांतिपूर्ण आंदोलन की अनुमति देने और समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की अपील की है।

