सिस्टम का अवमूल्यन न करें अधिकारी
आम नागरिकों को बेहतर सुविधाओं की उपलब्धता हो
अधिकारियों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं का आमजन के हित में बेहतर उपयोग किया जाए
नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी सड़कों पर गड्ढे न रहें
समूचे जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिये जमीनी स्तर पर काम किया जाए
हरदा : कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा है कि अधिकारी कार्यों में लापरवाही से बचें और उनकी कार्यप्रणाली सिस्टम का अवमूल्यन करने वाली नहीं होनी चाहिए। सभी विभागों से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाओं की उपलब्धता हो। अधिकारियों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं का आमजन के हित में बेहतर उपयोग किया जाए।
बुधवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिये कि नगरीय निकायों के अंतर्गत आने वाली सड़कों की तत्काल मरम्मत की जाए। इस बात का ध्यान दिया जाए कि कहीं भी सड़कों पर गड्ढे न रहें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी नगरीय निकायों में लावारिस कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था हो, बेहतर हो कि नगरीय निकाय डॉग केचर क्रय कर लें। पोषण प्रहरी अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होने विभागीय अधिकारियों को कहा कि जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिये जमीनी स्तर पर कार्य करने की जरूरत है।
प्रत्येक अधिकारी कुपोषित बच्चों की मॉनिटरिंग करें और उन्हें सुपोषण की श्रेणी में लाने के लिये समर्पित प्रयास करें। बैठक में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की भी जानकारी ली गई। हरदा एवं टिमरनी में जैविक बाजारों के नियमित संचालन के उप संचालक कृषि को निर्देश दिये गये।
बैठक में अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार व अनुपमा चौहान, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी शैलेन्द्र बड़ोनिया व एसडीएम खिरकिया रजनी वर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण इवने, डिप्टी कलेक्टर तृप्ति पटेरिया व श्वेता बम्होरे सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।

