कब्रिस्तान में सुविधाओं के लिए विधायक निधि से 3.30 लाख देने की घोषणा, ग्रामीणों में खुशी!
हंडिया। राजनीति जब समाज की जरूरतों से जुड़ती है, तब तस्वीरें सिर्फ कार्यक्रम नहीं बल्कि भरोसे की कहानी बन जाती हैं। ऐसा ही नजारा रविवार को हंडिया में देखने को मिला, जब हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने का मुस्लिम समाज ने फलों से तुलादान कर अभिनंदन किया।
क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे विधायक डॉ. दोगने ने गांव के लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियां सामने रखीं। विधायक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
इसी दौरान मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने हंडिया स्थित कब्रिस्तान में सुविधाओं के अभाव की जानकारी देते हुए टीन शेड और बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग रखी। समाज की मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. दोगने ने विधायक निधि से 3 लाख 30 हजार रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। घोषणा होते ही समाजजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
विधायक ने कहा कि विकास किसी एक वर्ग का नहीं बल्कि पूरे समाज का अधिकार है और हर जरूरतमंद तक सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
आभार स्वरूप मुस्लिम समाज के लोगों ने विधायक डॉ. दोगने का फलों से तुलादान किया तथा पुष्पमालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सौहार्द, अपनत्व और जनसरोकार की अनोखी तस्वीर देखने को मिली।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष महेश पटेल, विधायक प्रतिनिधि अरुण तिवारी, रामकिशोर जाट,सरपंच लखनलाल भिलाला, सिद्धांत तिवारी, महेश राठौर, राकेश सूरमा, राजेश गुर्जर, सलमान शाह, रफीक खान, प्यारु खान, हबीब खान, मजीद, सुल्तान शेख, समीर तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

