भिलाड़िया कला में बुखार का कहर, एक माह में एक दर्जन से अधिक ग्रामीण बीमार भोपाल में महिला की मौत से दहशत
परिजन बता रहे डेंगू से मौत, बीएमओ ने कहा – मौत की पुष्टि नहीं, जांच के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। तहसील के ग्राम भिलाड़िया कला में पिछले एक माह से बुखार और डेंगू के कथित प्रकोप से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। गांव में लगातार सामने आ रहे बुखार के मामलों के चलते ग्रामीण दहशत में हैं। बताया जा रहा है कि गांव के एक दर्जन से अधिक ग्रामीण निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। वहीं कई मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
इस बीच 24 नवंबर को गांव की एक महिला की भोपाल के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों द्वारा महिला की मौत का कारण कथित रूप से डेंगू बताया जा रहा है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
गांव में लगातार फैल रहा बुखार
ग्रामीण प्रमोद दुबे ने बताया कि पिछले एक माह से गांव में लगातार लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। कई ग्रामीणों ने निजी अस्पतालों में जांच कराई, जहां उनकी रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आने की बात कही जा रही है। इसके बाद से ही उनका निजी अस्पतालों में उपचार जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई लोग डेंगू से पीड़ित हुए हैं, जिनमें से कुछ स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि कुछ का अभी भी उपचार चल रहा है।
इटारसी से भोपाल तक चला इलाज, नहीं बची जान
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को ग्राम भिलाड़िया कला निवासी एक महिला को पहले बुखार आया था, जिसके बाद उसका इटारसी के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा था। इस दौरान तबीयत में सुधार नहीं होने और हालत बिगड़ने पर उसे भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के अन्य सदस्यों का भी डेंगू का उपचार जारी होने की जानकारी सामने आई है।
स्वास्थ्य विभाग ने नहीं की डेंगू से मौत की पुष्टि
मामले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में दवाइयों का छिड़काव और सफाई व्यवस्था सहित डेंगू से बचाव के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक गांव में डेंगू के मामलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस संबंध में बीएमओ डॉ. कांति बाथम ने बताया कि सामने आए मामलों में मरीजों ने निजी अस्पतालों में उपचार कराया है। हाल ही में हुई महिला की मृत्यु के संबंध में फिलहाल यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि मौत डेंगू के कारण हुई है। पूरे मामले की जानकारी और संबंधित तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
ग्रामीणों में लगातार बीमारी के मामले सामने आने और महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग से गांव में व्यापक जांच अभियान चलाने, संदिग्ध मरीजों की जांच कराने और मच्छरों से बचाव के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग उठ रही है।

