बिना फिटनेस और अवधि पूरी कर चुकी स्कूल बसों के खिलाफ कांग्रेस का ज्ञापन, बच्चों की सुरक्षा पर उठाया सवाल
सीएम राइज सहित प्राइवेट स्कूलों की बसों की जांच कर कार्रवाई की मांग, सौंपा ज्ञापन
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। नगर में सीएम राइज स्कूल सहित विभिन्न निजी स्कूलों में बिना वैध फिटनेस एवं निर्धारित सीमा पूर्ण कर चुकी बसों से स्कूली बच्चों का परिवहन कराए जाने का मामला सामने आने पर नगर कांग्रेस कमेटी ने विरोध जताया। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष द्वारा तहसीलदार नितिन जोड़ को माननीय मंत्री, परिवहन विभाग, म.प्र. शासन, भोपाल को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर के सीएम राइज स्कूल सहित कई निजी स्कूलों द्वारा विद्यार्थियों को लाने-ले जाने के लिए ऐसी बसों का संचालन किया जा रहा है, जिनकी फिटनेस अवधि समाप्त हो चुकी है। कुछ बसें निर्धारित समय सीमा पूर्ण कर चुकी हैं, फिर भी उनका उपयोग स्कूली बच्चों के परिवहन में किया जा रहा है।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुदेश शर्मा का कहना है कि स्कूली बसों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे सफर करते हैं। ऐसे में बिना वैध फिटनेस प्रमाण पत्र एवं निर्धारित मानकों को पूरा किए बिना बसों का संचालन विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है। यदि इस प्रकार की बसों में कोई तकनीकी खराबी या दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? प्रशासन द्वारा समय रहते जांच एवं कार्रवाई नहीं किए जाने से किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
ज्ञापन में की गई प्रमुख मांगें –
सीएम राइज सहित सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों की बसों की तत्काल जांच कराई जाए। स्कूल बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाए- निर्धारित आयु सीमा पूर्ण कर चुकी एवं बिना वैध फिटनेस वाली बसों का संचालन तत्काल बंद कराया जाए स्कूली बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक उपकरणों की जांच की जाए।नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल प्रबंधन एवं बस संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए समय-समय पर स्कूल बसों की जांच का अभियान चलाया जाए।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वदेश शर्मा सहित नगर कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

