20.50 लाख रुपये के लेन-देन विवाद में शिकायतकर्ता ने पुलिसकर्मी और तथाकथित पत्रकार पर लगाए गंभीर आरोप
वीडियो जारी कर कहा- इतना प्रताड़ित हूं कि जहर खाकर आत्महत्या कर लूंगा, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
हरदा। 20 लाख 50 हजार रुपये के कथित लेन-देन का विवाद अब गंभीर मोड़ लेता नजर आ रहा है। न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे खिरकिया निवासी गौरव पिता विनोद श्रीवास ने अब शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने और गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा जाहिर की है। वीडियो में उसने कहा कि वह इतना प्रताड़ित हो चुका है कि जहर खाकर आत्महत्या करने तक की नौबत आ गई है। उसके इस बयान ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
देर रात फोन कर धमकाने का आरोप
गौरव श्रीवास के अनुसार, एसपी कार्यालय में शिकायत देने के बाद देर रात पुलिसकर्मी उदयभान गुर्जर का फोन आया। पीड़ित का आरोप है कि फोन पर उसे शिकायत वापस लेने के लिए कहा गया और ऐसा नहीं करने पर ड्रग्स तथा गांजे के मामले में फंसाने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटनाक्रम से वह और उसका परिवार भयभीत है।
पुराने थाने से एसपी कार्यालय ले जाने का दावा
पीड़ित के मुताबिक, अगली सुबह उसे पुराने थाने बुलाया गया, जहां छीपाबड़ थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान के सामने ले जाया गया। गौरव का आरोप है कि वहां उस पर यह कहलवाने का दबाव बनाया गया कि पुलिस ने कोई पैसा नहीं लिया है।
इसके बाद कथित तौर पर पुलिसकर्मी उदयभान गुर्जर उसे अपनी अल्टो कार से बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे हरदा स्थित एसपी कार्यालय लेकर पहुंचे। शिकायतकर्ता का दावा है कि वहां उससे आवेदन वापस करवाया गया। उसने जिला कलेक्टर कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग भी की है, ताकि घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सके।
20.50 लाख के लेन-देन में कई नामों का उल्लेख
दरअसल, गौरव श्रीवास ने अपनी मूल शिकायत में छीपाबड़ निवासी मुकेश मराठा और उनके पुत्र विकास मराठा के साथ 20 लाख 50 हजार रुपये के कथित लेन-देन का आरोप लगाया था। शिकायत में पुलिसकर्मी उदयभान गुर्जर, पत्रकार सद्दाम खान सहित अन्य लोगों के नामों का भी उल्लेख किया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आनाकानी की गई। उसने अतिरिक्त 1 लाख 50 हजार रुपये दिए जाने का भी दावा किया है। इसमें एक लाख रुपये नकद देने और शेष राशि को लेकर पत्रकार सद्दाम खान के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही उसे गांजा-चरस के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने की बात भी कही गई है। पीड़ित ने कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है।
वीडियो जारी कर जताई जान का खतरा, आत्महत्या की बात से बढ़ी चिंता
मामले में नया घटनाक्रम तब सामने आया, जब गौरव श्रीवास ने वीडियो जारी कर अपनी व्यथा बताई। वीडियो में उसने कहा कि उसे इतना प्रताड़ित किया जा रहा है कि अब वह जहर खाकर आत्महत्या कर लेगा।
उसके इस बयान से परिवार और मामले की गंभीरता को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन को चाहिए कि शिकायतकर्ता की मानसिक स्थिति और सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उससे संपर्क करे और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराए। साथ ही उसके आरोपों की निष्पक्ष जांच भी सुनिश्चित की जाए।
टीआई बोले- शिकायत जांच के लिए दी थी
इस मामले में छीपाबड़ थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान ने कहा, “शिकायत जांच के लिए दी थी। दिखवाते हैं। आवेदनकर्ता मुझसे नहीं मिला।”
प्रशासन से उठ रहे सवाल
शिकायत देने के बाद शिकायतकर्ता को देर रात फोन कर बुलाने की जरूरत क्यों पड़ी?
क्या शिकायत वापस लेने के लिए वास्तव में दबाव बनाया गया?
कथित धमकी की रिकॉर्डिंग की जांच कब होगी?
एसपी कार्यालय में आवेदन वापस लेने की पूरी प्रक्रिया की जांच कौन करेगा?
जिला कलेक्टर कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज की जांच क्यों नहीं कराई जाती?
शिकायतकर्ता और उसके परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
20.50 लाख रुपये के मूल लेन-देन विवाद की निष्पक्ष जांच कब होगी?
बड़ा सवाल: न्याय मांगने वाला ही क्यों भयभीत है?
लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को शिकायत करने और निष्पक्ष जांच की मांग करने का अधिकार है। यदि शिकायतकर्ता के आरोप गलत हैं तो जांच में सच्चाई सामने आनी चाहिए, लेकिन यदि शिकायत वापस लेने के लिए दबाव या धमकी दी गई है तो यह भी गंभीर जांच का विषय है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस पूरे मामले की जांच स्थानीय स्तर से हटाकर किसी स्वतंत्र अधिकारी को सौंपी जाएगी? पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल से पीड़ित को निष्पक्ष जांच और सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के बयानों और उसके जारी वीडियो पर आधारित हैं।
नहीं उठाया फोन,,
इस संबंध में मकड़ाई एक्सप्रेस के द्वारा पुलिस कर्मी उदय भान, पत्रकार सद्दाम खान, ओर रियाज खान तीनों को उनके मोबाइल पर कॉल करके उनका पक्ष जानना चाहा लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं की।

