हंडिया। पेट्रोल पंप तक पहुंचने का रास्ता ग्राहकों की सुविधा के लिए होता है, लेकिन एनएच-59 स्थित अर्जुन फ्यूल्स का पहुंच मार्ग इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां प्रबंधन द्वारा डलवाई गई पत्थर की गिट्टी अब वाहन चालकों के लिए परेशानी और संभावित खतरे का कारण बन रही है।
विशेषकर दोपहिया वाहन चालक इस मार्ग से गुजरते समय फिसलन और असंतुलन की आशंका के बीच सफर करने को मजबूर हैं। पंप पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन आते हैं, लेकिन पहुंच मार्ग की सुरक्षा को लेकर अपेक्षित गंभीरता दिखाई नहीं दे रही।
लोगों का सवाल है कि यदि मार्ग को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गिट्टी डाली गई थी, तो क्या उसे व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी भी नहीं बनती? क्योंकि ढीली गिट्टी पर वाहन फिसलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
अब क्षेत्र में चर्चा यह है कि कहीं जिम्मेदार किसी दुर्घटना का इंतजार तो नहीं कर रहे? क्योंकि यदि कोई वाहन चालक चोटिल होता है, तो जवाबदेही किसकी होगी?

