Harda News: स्वच्छता के लिये हर वार्ड में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करें, कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में अधिकारियों को दिये निर्देश
हरदा : शहर में अपनी टीम लगाकर तीन दिवस में साफ-सफाई कराएं। हर वार्ड में स्वच्छता के लिये एक नोडल अधिकारी नियुक्त करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री कमलेश पाटीदार दिये। उन्होने बैठक में निर्देशित किया कि नोडल अधिकारी शाम के समय अपने क्षेत्र का भ्रमण कर प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्ट्रीट लाइट से प्रकाश व्यवस्था की मॉनिटरिंग करें। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पाटीदार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देशित किया कि शहरी गरीबों को किफायती आवास के लिये जिन 20 लोगों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूरी राशि जमा कर दी गई है, उन्हें एक सप्ताह में आवास उपलब्ध करायें। बैठक में उन्होने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से नगर पालिका की राजस्व वसूली के संबंध में की गई कार्यवाही की भी जानकारी ली। उन्होने इस दौरान अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर शहर में प्रतिष्ठानों, होटल, दुकानें, कॉलोनी, स्कूल एवं संस्थानों का सर्वे कार्य कराने के निर्देश दिये। उन्होने निर्देशित किया कि सभी नोडल अधिकारी अपने वार्डों में हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत शिविर लगाकर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करें।
स्वच्छता एप डाउनलोड कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था संबंधी फीडबैक दें –
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने हरदा शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल पर स्वच्छता एप डाउनलोड कर नगर की स्वच्छता व्यवस्था पर अपना फीडबैक देकर अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होने बताया कि नागरिक गूगल प्ले स्टोर के माध्यम से ‘स्वच्छता एप’ को डाउनलोड कर स्वच्छता संबंधी शिकायत दर्ज करने के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं। शिकायत करने के लिये नागरिकों को केवल शिकायत से संबंधित स्थल की तस्वीर लेनी होगी और उसे स्वच्छता एप के माध्यम से पोस्ट करना होगा। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि जब कोई नागरिक ‘स्वच्छता एप’ का उपयोग करके शिकायत पोस्ट करता है, तो यह पोस्ट संबंधित अधिकारी तक पहुंच जाती है तथा वह इसके समाधान की कार्यवाही करता है तथा प्रतिक्रिया देने के लिए समाधान की स्थिति की एक तस्वीर भी अपलोड करता है।
नल जल योजना का कार्य समय सीमा में पूर्ण करें –
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में बुधवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि सभी नल जल योजनाओं का कार्य समय सीमा में पूर्ण करें, जहां कार्य की प्रगति का प्रतिशत कम है, वहां सतत मॉनिटरिंग कर समय सीमा में कार्य पूर्ण करावें। सभी अधिकारी मिशन मोड में कार्य करें। स्कूल, आंगनवाड़ी व मतदान केन्द्रों में पेयजल संबंधी व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित सिसोनिया, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग श्री पवनसुत गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री संजय त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
उन्होने निर्देशित किया कि सभी एसडीएम एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपने क्षेत्र में खूले हुए बोर अथवा सूखे बोर को बंद करायें। उन्होने निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में ओपर बोरवेल पाये जाते है, वहां के इंजीनियर की जवाबदारी निर्धारित की जायेगी। उन्होने निर्देशित किया कि सभी हेण्ड पम्प के पास सोक्ता पिट बनाये जायें।

