Harda news: छोटे भाई की साली बना रही थी शादी करने का दबाव, इसलिए उतार दिया मौत के घाट, आरोपी को भेजा जेल
हरदा । सत्रह वर्षीय नाबालिग की हत्या उसकी बहन के जेठ ने की थी। छिपाबड़ पुलिस ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया। घटना 17 अप्रैल की है। स्वजन ने थाना छीपाबड़ में उनकी बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। बालिका की उम्र 17 साल 11 माह थी। वह 17 अप्रैल को सुबह करीब 9 बजे शक्ति माता मंदिर कानपुरा पर पूजा करने गई थी, जो घर नहीं लौटी। इसके बाद सुबह करीब साढ़े 11 बजे स्वजन ने मंदिर पर जाकर देखा तो वह नहीं मिली। मंदिर के अंदर एक बैग जो नाबालिग अपने साथ पूजा करने के लिए मंदिर लेकर गई थी वह मिला। स्वजन की रिपोर्ट पर से थाना छीपाबड़ में धारा 363 भादवि का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डाक्टर ने मृत्यु का कारण हत्या करना पाया। इसके बाद छीपाबड़ पुलिस ने धारा 302 भादवि का इजाफा कर आरोपित की तलाश शुरू की। संदेही दीपक गौर उम्र 30 साल निवासी रहटाखुर्द थाना सिविल लाइन को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। उसने अपना जुर्म – स्वीकार किया। आरोपित को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। हत्यारा दीपक मृतका की बहन का रिश्ते में जेठ है। दीपक के मृतका से संबंध थे। मृतका को बहला फुसलाकर शादी करने का कहकर बुलाया।
किराए के मकान में रहे : पुलिस ने बताया कि 17 से 19 अप्रैल के बीच आरोपित ने षड्यंत्रपूर्वक घटना को अंजाम दिया है। आरोपित दीपक बिजली फिटिंग का काम करता है। 17 अप्रैल को हरदा जय शक्ति होम कालोनी स्थित एक खाली मकान में रखा। 18 अप्रैल को आरोपित ने पति- पत्नी बताकर सिद्धी विनायक कालोनी हरदा में किराए से कमरा लिया। 19 अप्रैल को सुबह आरोपित नाबालिग को लेकर छीपानेर नर्मदा नदी पुल के नीचे पहुंचा, जहां उसने घटना को अंजाम दिया।
मृतिका शादी का दबाव बना रही थी ।
मृतका ने जब दीपक के साथ रहने का दबाव बनाया तो विवाद हुआ और उसकी हत्या कर दी गई। आरोपित पहले से शादीशुदा था जो अपने परिवार एवं बच्चों के साथ रहना चाहता था, लेकिन मृतका ने उसके साथ रहने की जिद की। आरोपित ने मृतका को रास्ते से हटाने नर्मदा नदी के पुल के नीचे गला घोटकर हत्या कर दी। हत्या का स्वरूप बदलने के लिए पत्थर से अपहर्ता के पैर एवं हाथ तोड़ दिया।और उसकी हत्या कर लाश पुल के नीचे फेक दी।

