harda news: सूदखोर की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने खाया जहर, सुसाइड नोट में लिखा : कमल डॉक्टर धमकी दे रहा है तेरी जमीन रख लूंगा
मकड़ाई समाचार हरदा । जिले के मझली निवासी एक युवक नीरज बांके ने हरदा के एक लाज में सलफास खाकर खुदकुशी कर ली। । युवक को जिला अस्पताल लाया गया जहा डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में जुटी हुई है। मृतक के पास एक काला बैग जब्त किया है। उसमें एक टिफिन, सेवा सहकारी बैंक का अनापत्ति प्रमाण पत्र, बैंकों की चार चेकबुक, दो बैंक पासबुक, बैंकों के एटीएम सहित अन्य दस्तावेज मिले। पर्स में 110 रुपए मिले।
मृतक के पास मिला सुसाइड नोट, डॉक्टर कमल बड़ा गुंडा दे रहा धमकी, हड़प लूंगा जमीन
मैं थक गया हूं जिंदगी से… मम्मी-पापा रोना मत, भाई साईं मेरे बेटे का ध्यान रखना
साथ ही मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने लिखा कि मैने कमल डॉक्टर जो की अबगांव व हरदा में रहता है, बड़ा गुंडा है। उससे मैने 2.60 लाख रुपए उधार लिए थे। रामनारायणजी के सामने कमल को मैने 2.50 लाख रुपए दिए। सुनील भाटिया के सामने 50 हजार रुपए फोन पे किए। इसके बाद भी कमल 3.10 लाख रुपए और मांग रहा है। नहीं देने पर ऋण पुस्तिका और स्टांप पेपर नहीं दे रहा है। धमकी दे रहा है कि किसी को बीच में फोन लगवाया तो तेरी जमीन रख लूंगा । इसी कारण मर रहा हु।
मृतक नीरज ने सुसाइड नोट में मम्मी, पापा के लिए भी लिखा है। इसमें उसने लिखा है कि मैं मर जाऊं तो मम्मी-पापा रोना मत। थक गया हूं जिंदगी से। बड़े भाई को लिखा है कि भैया साईं (बेटे) का ध्यान रखना। सुसाइड नोट के दूसरे पेज पर नीरज ने लिखा है कि तुलसीराम को 2 लाख 50 हजार रुपए देना है। दीपक से 10 हजार रुपए लेना है। आनंद से 30 हजार रुपए लेना है। पांच, सात साल हो गए हैं। दोनों के मोबाइल नंबर भी इसमें लिखे हैं।
उल्लेखनीय है की जिले में कई लोग साहूकारों की प्रताड़ना से परेशान है। बीते दिनों सिराली के एक युवक ने भी पुलिस अधीक्षक को साहूकार से परेशान होकर शिकायत की है। उक्त युवक का भी कहना है की एक साल बाद पुनः अब साहूकार के परिजन रुपए के लिए धमकी दे रहे है।

