Harda news: स्वरोजगार योजनाओं में लक्ष्य अनुसार प्रकरण स्वीकृत कर, राशि वितरित करें: कलेक्टर श्री सिंह ने बैकर्स की बैठक में दिए निर्देश
हरदा / कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने बुधवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक में उपस्थित बैंकर्स को निर्देश दिए कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वरोजगार योजनाओ में शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य अनुसार प्रकरण स्वीकृत कर चयनित हितग्राहियों को सहायता राशि वितरित करें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वरोजगार योजनाओ के तहत पात्र हितग्राहियों के अधिकाधिक प्रकरण तैयार कर बैंकों की शाखाओ को भेजें, ताकि बैंकर्स उनमें से लक्ष्य अनुसार प्रकरण चयनित कर स्वीकृत कर सकें।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में बैंकों की तरफ से आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, पीएम स्वनिधि योजना, उद्यम क्रांति योजना, भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना तथा टंट्या मामा स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होने जिला समन्वयक ग्रामीण आजीविका मिशन को निर्देश दिये कि स्वसहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार गतिविधियों के लिये बैंकों के माध्यम से आर्थिक सहायता दिलाएं। कलेक्टर श्री सिंह ने उपसंचालक पशु चिकित्सा को पशु पालकों के लिये क्रेडिट कार्ड तैयार कराने तथा सहायक संचालक मत्स्योद्योग को मत्स्य पालकों के लिये फिशरमेन क्रेडिट कार्ड तैयार कराने के निर्देश भी दिये।

