खबर का असर : भिलाड़िया कला में नींद से जागा स्वास्थ्य विभाग, गांव में लगाया शिविर, घर-घर जाकर हो रही जांच
बीपी जांच, दवा वितरण और सफाई अभियान शुरू; ड्यूटी डॉक्टर बृजेश राजपूत ने कहा- अभी तक डेंगू की पुष्टि नहीं, लोगों को दे रहे बचाव की जानकारी
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा।भिलाड़िया कला में बुखार के प्रकोप और महिला की मौत की खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग नींद से जागा है। खबर का असर हुआ और विभाग ने गुरुवार को गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और प्रत्येक घरों में जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही है। शिविर में ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर जांचा जा रहा है, बुखार, सर्दी-खांसी के मरीजों को दवाइयां और गोली वितरित की जा रही हैं। साथ ही गांव में गंदगी की साफ-सफाई भी कराई जा रही है और मच्छरों से बचाव के लिए दवाइयों का छिड़काव किया जा रहा है।
डेंगू की पुष्टि नहीं – ड्यूटी डॉक्टर
मामले में ड्यूटी डॉक्टर बृजेश राजपूत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्रत्येक घर में जाकर जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी मरीज में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है। लोगों को सावधानी और बचाव की जानकारी दी जा रही है।डॉक्टर ने ग्रामीणों से अपील की है कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले, टायर और बर्तनों में भरे पानी को समय-समय पर बदलें,
देखिए वीडियो में
पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और बुखार आने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज न कराएं। शिविर लगने से ग्रामीणों में कुछ राहत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि एक माह से गांव में लगातार बुखार फैल रहा था, लेकिन अब विभाग सक्रिय हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जब तक गांव में बुखार पूरी तरह नियंत्रण में न आ जाए, तब तक नियमित जांच और छिड़काव जारी रखा जाए।

