मकड़ाई एक्सप्रेस 24 इंदौर। मध्य-पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच गहराते युद्ध के बादलों का असर अब भारत के मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई तक पहुँचने लगा है। आपूर्ति बाधित होने की आशंका और डर का फायदा उठाकर शहर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में इंदौर की चंदन नगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से सिलेंडर बेचते हुए एक शातिर तस्कर को धर दबोचा है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की बड़ी रेड
शहर में आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी रोकने के लिए पुलिस विशेष अभियान चला रही है। इसी दौरान थाना प्रभारी तिलक कारोले को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ऑटो रिक्शा के जरिए अवैध रूप से सिलेंडरों की सप्लाई कर रहा है। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर केशव नगर निवासी शाहरुख खान (33) को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके ऑटो रिक्शा (क्रमांक एमपी 09 आरबी 1924) से 8 भारत गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
तीन गुना ज्यादा कीमतों पर वसूली
पुलिस की पूछताछ में जो सच सामने आया वह चौंकाने वाला है। आरोपी ₹941 की सरकारी कीमत वाले घरेलू गैस सिलेंडर को मजबूर ग्राहकों को ₹2500 से ₹3000 में बेच रहा था। आरोपी ने कबूला कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण गैस की कमी होने की अफवाह फैलाकर वह लोगों की मजबूरी का फायदा उठा रहा था और अवैध रूप से मोटा मुनाफा कमा रहा था।
गैस एजेंसी का ‘भेदिया’ ही निकला अपराधी
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी शाहरुख धार रोड स्थित जिला अस्पताल क्षेत्र की भारत गैस एजेंसी में ही काम करता है। एजेंसी का कर्मचारी होने के कारण उसे गोदाम में सिलेंडरों के स्टॉक और वितरण की पूरी जानकारी रहती थी। इसी का फायदा उठाकर वह चुपचाप सिलेंडर निकालता और उन्हें ब्लैक मार्केट में खपा देता था।
पुलिस की चेतावनी: कालाबाजारी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
चंदन नगर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) के तहत केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि
शहर में गैस या किसी भी राशन की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सादे कपड़ों में पुलिस की टीमें बाजारों और सप्लायर्स पर नजर रख रही हैं।
जनता से अपील है कि वे निर्धारित मूल्य से अधिक भुगतान न करें और संदिग्धों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

