जिले में कहीं भी पेयजल की दिक्कत न हो
जरूरत पड़ने पर निजी पेयजल स्त्रोत अधिग्रहित किए जाएं
ग्राम पंचायतों में कचरा गाड़ियों का संचालन हो
ग्रामीण हाट बाजारों में प्लास्टिक/पॉलिथिन के उपयोग पर नियंत्रण किया जाए – कलेक्टर
हरदा : जिले में तवा नहरों से सिंचाई जल के वितरण को लेकर होने वाले विवादों की रोकथाम के लिये चार चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का अभिनव प्रयोग किया गया है, जिससे पेयजल एवं सिंचाई जल के वितरण को लेकर होने वाले विवाद थमे हैं। बुधवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने जल संसाधन विभाग के इस प्रयोग की सराहना की।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि जिले में ग्रीष्मकाल के दौरान किसी भी स्थान पर पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, संबंधित विभागों के अधिकारी इस बात का ध्यान रखें। जहां आवश्यकता हो, वहां निजी जल स्त्रोत अधिग्रहित किये जायें। उन्होने अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये सभी ग्राम पंचायतों में उपलब्ध पानी के टैंकरों में अनिवार्य रूप से प्रेशर पाईप लगाने के भी निर्देश दिये।
ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कचरा गाड़ी संचालित की जाएं। साथ ही ग्रामीण हाट बाजारों में प्लास्टिक एवं पॉलिथिन के उपयोग को नियंत्रित किया जाए। जो दुकानदार बाजारों में प्लास्टिक व पॉलिथिन का कचरा फैला रहें हैं, उन पर जुर्माना अधिरोपित किया जाए। उन्होने सुझाव दिया कि प्रमुख हाट बाजारों में पॉलिथिन/ प्लास्टिक के उपयोग को नियंत्रित करने के लिये भी सीसीटीवी कैमरे भी लगाये जा सकते हैं।
बैठक में निर्देश दिये गये कि ई-टोकन पद्धति के माध्यम से ही किसानों को खाद का वितरण किया जाए। बगैर ई-टोकन के खाद का विक्रय न हो। इस दौरान जल संसाधन विभाग के अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि नहरों में सिंचाई जल के वितरण को लेकर होने वाले विवादों की रोकथाम को लेकर जिले में चार प्रमुख स्थानों पर सौर ऊर्जा से चलित सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं, जिनमें एचबीसी अंतर्गत गुरदिया, खोड़िया खेड़ी एवं झाड़पा उपनहर तथा एलबीसी अंतर्गत माचक उपनहर पर यह व्यवस्था की गई है।
बैठक में राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। साथ ही जनगणना की अभी तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनगणना कार्य पूरी गंभीरता से करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर श्री पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय व सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा श्री अशोक डेहरिया, एसडीएम टिमरनी श्री संजीव कुमार नागू, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।

