दुबई। भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप फाइनल में अपने शानदार प्रदर्शन से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कुलदीप ने इस मैच में 30 रन देकर चार विकेट लेने के साथ ही श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा का एशिया कप में सबसे अधिक विकेट लेने का रिकार्ड तोड़ दिया। कुलदीप अब एशिया कप में सबसे अधिक 36 विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन गए हैं। वहीं अब तक ये रिकार्ड 33 विकेट के सथ ही मलिंगा के नाम था।
वहीं एशिया कप में तीसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज श्रीलंका के पूर्व दिग्गज स्पिनर मुथेया मुरलीधरन हैं। उनके नाम 30 विकेट हैं। वहीं भारत के रविन्द्र जडेजा के नाम 29 और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन के नाम 28 विकेट हैं। फाइनल में चार विकेट लेने के साथ ही कुलदीप किसी भी एशिया कप संस्करण में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज़ भी बने हैं। उन्होंने इरफ़ान पठान के 2004 में बनाए 14 विकेट के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। कुलदीप ने फाइनल में पाकिस्तान के साइम अय्यूब के अलावा सलमान अली आगा, शाहीन अफरीदी और फ़हीम अशरफ़ के विकेट लिए।

