हनोई। टाइफून बुआलोई नामक तूफान करीब 113 किमी की गति से दौड़ रहा है। ये वियतनाम से टकराएगा। ये तूफान इतना खतरनाक है कि लैंडफॉल इलाके से करीब 15 हजार लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया है। जानकारों का अनुमान है कि भारी बारिश होगी और बाढ़ आएगी। फ्लैश फ्लड की स्थिति बन सकती है। लैंडस्लाइड हो सकता है और समुद्री इलाकों में पानी तेजी से बढ़ेगा। उत्तरी और मध्य प्रांतों में 1 अक्टूबर तक 600 मिमी तक बारिश हो सकती है। नदियां 9 मीटर तक उफान पर जा सकती हैं जिससे निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो सकते हैं। बता दें कि यह वही तूफान है जिसने कुछ दिन पहले फिलीपींस में कहर बरपाया था। वहां कम से कम 10 लोगों की जान चली गई और कई इलाकों में भीषण बाढ़ आ गई थी। अब यही तूफान और तेज़ होकर वियतनाम की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि यह सामान्य तूफानों से लगभग दो गुना तेज़ है और इसका असर बेहद व्यापक होगा।
वियतनाम ने सुरक्षा के लिहाज से चार तटीय हवाई अड्डों को बंद कर दिया है, जिनमें प्रमुख दा नांग एयरपोर्ट भी शामिल है। कई उड़ानों के समय बदले गए हैं। इसके अलावा, तूफान से प्रभावित इलाकों के स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे, और हालात बिगड़ने पर छुट्टी आगे भी बढ़ाई जा सकती है। सरकार ने बताया कि भारी बारिश की वजह से ह्यू और क्वांग त्रि इलाकों में पानी भर चुका है। बाढ़ का पानी कई घरों और खेतों में घुस गया है। हातिन्ह प्रांत से 15,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सरकार ने हजारों सैनिकों को तैनात किया है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। नघे आन प्रांत की राजधानी विन्ह में लोग अपने घरों की छतों को मजबूत कर रहे हैं, नावों को बांध रहे हैं और पानी भरे बोरे छतों पर रख रहे हैं ताकि नुकसान कम से कम हो। 41 साल की निवासी बुई थी तुएत ने कहा, हम इस साल पहले ही टाइफून काजिकी में नुकसान झेल चुके हैं और अभी तक उबरे नहीं हैं। पिछले 20 सालों में मैंने तूफानों को देखा है लेकिन इस बार जितना डर लग रहा है, उतना पहले कभी नहीं। बता दें कि वियतनाम का लंबा समुद्री तट सीधे दक्षिण चीन सागर से जुड़ा है। यही वजह है कि हर साल यहां दर्जनों तूफान आते हैं। ये तूफान अक्सर जानलेवा साबित होते हैं और अरबों डॉलर का नुकसान पहुंचाते हैं। पिछले साल आए टाइफून यागी ने लगभग 300 लोगों की जान ले ली थी और करीब 3.3 अरब डॉलर की संपत्ति बर्बाद कर दी थी।

