प्लांट में धमाके के बाद अफरा-तफरी
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 इंदौर।
मध्यप्रदेश के धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र से एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक फैक्ट्री में नाइट्रोजन रिसीवर टैंक में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें 3 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास की फैक्ट्रियों में भी दहशत फैल गई।
घटना बगदून थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मजदूर प्लांट में काम कर रहे थे, तभी अचानक नाइट्रोजन टैंक में प्रेशर बढ़ने से ब्लास्ट हो गया।
तीनों मजदूरों की हालत गंभीर, इंदौर रेफर
धमाके की चपेट में आने से तीनों श्रमिक बुरी तरह झुलस गए। साथी कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को इंदौर के एमवाय हॉस्पिटल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि टैंक का मेंटेनेंस सही समय पर नहीं हुआ था और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
प्रशासन ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। फैक्ट्री को सील कर तकनीकी टीम से टैंक फटने के कारणों की जांच कराई जा रही है।

