बच्चों को मोबाइल से दूर कर मैदान से जोड़ा
हरदा : जिला खेल और युवा कल्याण विभाग हरदा द्वारा संचालित ‘आरोह 2026’ सामुदायिक फिटनेस अभियान के तहत रविवार को नेहरू स्टेडियम में म्यूजिकल एरोबिक डांसिंग मूवमेंट का आयोजन किया गया। खेल समन्वयक सुश्री सलमा खान ने बताया कि घरों में बच्चे मोबाइल और टीवी से जुड़े रहने के कारण मैदानी खेलों से दूर हो रहे हैं। खेल के प्रति रुचि बढ़ाने और मोटिवेट करने के उद्देश्य से शिविर में रोज नई मनोरंजक गतिविधियां कराई जा रही हैं।
एरोबिक से तन-मन दोनों स्वस्थ
एरोबिक हेल्थ फिटनेस एक्सपर्ट श्रीमती गरिमा बांके ने अभिभावकों एवं खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन के लिए म्यूजिक पर एरोबिक, व्यायाम व डांसिंग मूवमेंट कराए। उन्होंने कहा कि नियमित एरोबिक से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है।
उन्होने अभिभावकों से घर में भी म्यूजिक पर एक्टिविटी करने की अपील की। इस दौरान आभा म्यूजिकल ग्रुप की गायिका श्रीमती आभा अग्रवाल ने खिलाड़ियों को देशभक्ति गीत सुनाकर राष्ट्र के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिला मोर्चा की जिला मंत्री श्रीमती प्रीति गहलोत ने बच्चों को खेलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि उनका बेटा बॉलीबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर खेला है, इसलिए उन्हें खेल और खिलाड़ी अधिक प्रिय हैं। मैदान पर मौजूद अभिभावकों ने खेल विभाग का अभिवादन करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों को विसंगतियों से दूर कर अच्छा खिलाड़ी बनाने में मदद कर रही हैं।
इस अवसर पर एथलेटिक्स जिला खेल प्रशिक्षक श्री राजेश जलाबड़ा, श्री अजय पुरवइया सहित बड़ी संख्या में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने म्यूजिकल एरोबिक डांसिंग मूवमेंट में हिस्सा लेकर खूब आनंद लिया।

