स्वसहायता समूह के परिवारों के युवा दिखाएंगे प्रतिभा
हरदा : ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं एवं उनके परिवारों के युवक-युवतियों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच उपलब्ध कराने तथा उनकी कला, खेल प्रतिभा एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन 17 सितंबर गुरूवार को हरदा में किया जाएगा। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिला पंचायत हरदा द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला पंचायत हरदा परिसर में किया जाएगा।
वहीं खेलकूद प्रतियोगिताएं नेहरू स्टेडियम, हरदा में आयोजित होंगी। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के स्व-सहायता समूहों से जुड़े परिवारों के युवा-युवतियों की प्रतिभाओं को सामने लाना, उनमें खेल भावना एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता की जाएगी। साथ ही प्रतिभागी अपने अनुभव साझा करते हुए सफलता की कहानी,
सास्कृतिक भजन मंडल व आकर्षक रंगोली तथा खेल गतिविधियों के अंतर्गत क्रिकेट, चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागी को शील्ड एवं प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जावेगा।

